Wednesday, September 5, 2012

पगली

हमारे मोहल्ले के चौक पे एक चाय की दूकान थी छोटी सी पर चाय दूकान वाला नाम का ही चाय दूकान वाला था, ऊपर से नीचे तक टिप टॉप में रहता और कभी किसी का जूठा नहीं धोता था उसके लिए उसने आदमी रखे थे और गुटका नहीं खाता था ,रजनीगंधा में तुलसी मिला के खाता था |  एक पान की गुमटी और पान वाले की भी अपनी ठाठ थी और दुसरे तरफ एक छोटा सा अंडे का ठेला और स्त्री करने वाले की दूकान थी | हर रोज़ शाम में हमलोग वहां बैठने जाया करते थे, और कभी कभी दिन में भी चाय या पान की गुमटी पे | सड़क पतली होने के कारण अक्सर बड़ी गाड़ियां वहां फंस जाती थी |और उसे लेकर जो तमाशा खड़ा होता था उसे देखने का एक अलग ही मज़ा था  | 

पर एक घटना जो वहां रोज़ घटती थी वो मेरे लिए शुरू में कुछ भी नहीं थी । जब एक धुल में सनी हुई औरत वहां आती थी ,जिसके सिर के सारे बाल एक दुसरे से चिपक गए थे,मुह से हमेशा लार गिरता रहता था | सच मानिये तो उसे देख कर घिन आती थी सभी को | उसके शरीर पे कपडे के नाम पे कुछ भी नहीं होता था सब उसे पगलिया कहते थे |वो हाथ में दो-चार फूल और आग लिए हुए गली के भीतर जाने वाली सड़क के बीचो बीच उस आग को रख कर पूजा या पता नहीं क्या किया करती थी ! और उसके बाद बडबडाते हुए दुकानों के जाती और खड़ी हो जाती | एक दिन वो चाय दूकान वाले के पास गयी और खड़ी हो गयी |
और धीरे से बोली अरे......वो कुछ ध्यान नही दे रहा था ये फिर से बोली "ऐ.....दे" वो फिर अनसुना कर रहा था उसके बाद इसने उसके चाय के ठेले को धीरे से हिलाया उसके बाद चाय वाला उस पर चिल्लाते हुए कहता है "भाग पगली ".....और उसे मारने को दौड़ता है पर उस से तीन फीट की दूरी तक ही जाता है क्यूंकि उसके पास कोई जाता नहीं था पर वो भागी नहीं वो वही खड़ी रह गयी | और उसने हाथ में  पत्थर उठा लिया | चाय वाला डर गया की सच में कहीं चला ने दे | उसके बाद चाय वाला चुप- चाप अपने दूकान में चला गया | वहां से कुछ न मिलने पर वो पान गुमटी में गयी और जैसे ही उसने गुमटी क सामने रखे शीशे पर हाथ रखने की कोशिश की हाथ रखने के पहले ही गुमटी वाला उसे कहता है रुक रुक रुक रुक और फिर उसे एक बिस्किट देता है |  उसे डर था की उसके हाथ से शीशा गन्दा न हो जाये ! उसके बाद वो हस्ते हुए वहां से चली जाती है और एक बिस्किट खाने के बाद पूरा पैकेट फेंक देती है | पीछे से एक कुत्ता आया और फेंके हुए बिस्किट खाने लगा ये देख कर वो वहां जा बैठी और कुत्ते के साथ ही बिस्किट खाने लगी | दिन में एक दो चक्कर लगाने के बाद वो किसी दुसरे मोहल्ले में चली जाती थी | कुछ इसी तरह का नज़ारा रहता था हर दिन वहां | 
एक बार मैंने कॉलेज से लौटते वक़्त देखा की हमारे मोहल्ले से कहीं दूर सब्जी की दूकान पे उसकी झड़प दूकान चलने वाले मियाँ बीवी से हो रही थी .....वो  सब्जी दूकान वाली औरत उसे झाड़ू को उल्टा कर के मारे जा रही थी ! वहाँ लोगो का भीड़ इकठ्ठा हो गया | वहां रुका ही तभी एक ट्रेफिक पुलिस ने उसे वहां से भगाया | मैंने किसी से पुछा की क्या बात थी तो पता चला की.... उसने उनकी मूली उठा कर खा ली थी |
                                मोहल्ले में सभी को उसकी हरकतों की आदत सी हो चुकी थी | मूड ठीक रहने पे हम में से कोई भी उसे कुछ पैसे दे दिया करता था |पर उसके भी मूड पे ही होता था की वो पैसा लेगी या नहीं पर खाने के सामान वो कभी भी लेने को तैयार हो जाती | एक बार मैं रात के 12 बजे  किसी शादी से लौट रहा था बहुत तेज़ बारिश हो रही थी  | रास्ते में भी कई जगहों पे शादियाँ हो रही थी |
उन्ही में से किसी एक के घर के बाहर दूकान के शेड के नीचे मैं बारिश के कारण रुका हुआ था तो देखता हूँ की शेड के बगल में बारिश में बैठ कर कोई भींगे रहा था ! गौर से देखा तो बगल घर के शादी  में बचे हुए खाने का सामान वहां फेंका जा रहा था वो उन्ही में कुछ चुन कर खा रही थी साथ में एक दो कुत्ते भी थे  थोड़ी देर बाद आधा मिठाई लेकर वो हमारे सामने आ गयी थी और दिखा दिखा कर खा रही थी दिसम्बर के ठण्ड में भी उसके शरीर पे एक भी कपडा नहीं था और वो बिलकुल भी कांप नहीं रही थी ! बारिश रुकी मैं वहां से चला गया |
सही तरीके से चलते फिरने की स्तिथि में आखरी बार मैंने उसे विधानसभा चुनाव के नतीजे के दिन देखा था | जब शाम में कुछ लोग बैठे हुए थे और बात चल रही थी चुनाव के नतीजे की जिसमे कांग्रेस का उमीदवार जीत गया था |और उसी पे बहस तेज़ थी किसी सज्जन ने कह दिया की पता नहीं कैसे जीत गया ! फिर से पांच साल कुछ काम नहीं होगा खाली पैसा खाएगा !उसके बाद तो उसकी खैर नहीं थी उन्ही में से किसी ने कहा की ज्यादा होशियार मत बनिए | " वोट देने समय कहाँ थे ?चुनाव के दिन तो सपरिवार शादी में शरीख होने  ससुराल चले गए थे ,और यहाँ बात बना रहे हैं |25 वोट का तो अंतर था 15 तो तुम्हारे यहाँ से आ जाता" | इसी तरह की लम्बी चौड़ी बहस चल रही थी तभी वो आ धमकी और पास में खड़ी हो गयी | उसके मूह से लार गिरता हुआ उसके शरीर पे जा रहा था, उसका नाक बहता हुआ उसके मुह में जा रहा था  |एक नेता जी वहां थे उन्होंने गाली बकते हुए कहा भाग यहाँ से एक तो पार्टी चुनाव हरा है ऊपर में माथा पर आ के खड़ी हो गयी है | नेताजी नहा धोवा के निकले ही थे घर से तो उन्हें घिन आ रही थी  था !उनके नाक सिकोड़ने से तो यही लग रहा था | उनके हाथ में एक छड़ी रहती थी जिसे हमलोग भोक्ली कहा करते हैं |भोक्ली को ज़मीन में तीन चार बार जोर जोर से पटकते हुए वो उसे भागने लगे |इसका उसपर कोई असर नहीं हो रहा था | वो लोग फिर से अपनी बातों में लग गए |
उस दिन के बाद उसपर मेरी नज़र नहीं पड़ी ,धीरे धीरे मुझे लगा की कहीं चली गई होगी !पर पता नहीं क्यों किसी रोज़  मुझे लगा की आखिर अचानक वो गयी तो गयी कहाँ? उसे हमारे मोहल्ले में नज़र न आये लगभग 6 -7 महिना हो गया था |एक दिन अपने घर से तकरीबन 10-15 कि.मी दूर किसी रिश्तेदार के घर से आने के क्रम में मेरी नज़र अचानक उसपर पड़ी |और वो धीरे धीरे चलने की कोशिश करती हुई चली जा रही थी पर शायद किसी कारण से चल पाने में असक्षम थी |मेरी दिमाग की नसे हिल गयी जब मैंने देखा की उसके हाथो में फूल होने के बजाये, उसके फूले हुए पेट उसके साथ थे |
मेरे मन में सवालों के सैलाब उमड़ रहे थे .....मुझे पता तो नहीं था की ये किसने किया है, पर इतना ज़रूर जान गया था की समाज का एक तबका ऐसा भी है जिसे उसके आगे कुछ भी नहीं दिखता और वो उसके लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं  | उस दिन मुझे कई सवालो के जवाब मिल गए थे ।
कुछ दिनों के बाद सुनने में आया की उसकी लाश शहर के किसी कोने में पड़ी हुई मिली थी | मरने के तीन दिन बाद |
    







No comments:

Post a Comment